ब्रेकिंग न्यूज़

जयंती नगर गार्डन की जमीन पर अतिक्रमण, महापौर अलका बाघमार ने किया निरीक्षण

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16 जयंती नगर स्थित मिनी गार्डन के लिए आरक्षित रिक्त भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर महापौर अलका बाघमार ने स्थल का निरीक्षण किया। वार्डवासियों ने मनोज गुप्ता एवं उषा गुप्ता द्वारा भूमि पर कब्जा किए जाने की शिकायत महापौर से की थी, जिस पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी एवं उप अभियंता पंकज साहू मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण मिनी गार्डन निर्माण की योजना प्रभावित हो रही है और क्षेत्र के लोग सार्वजनिक सुविधा से वंचित हो रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सड़क क्षेत्र में आगे बढ़ाकर बनाई गई सीढ़ी को भी हटाने के निर्देश दिए गए। वार्डवासियों ने बताया कि सड़क पर किए गए अतिक्रमण से आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महापौर अलका बाघमार ने कहा कि निगम क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि और सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। वार्डवासियों ने निगम प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की और निगम की तत्परता की सराहना की। इस अवसर पर सविता वर्मा, किरण सुखदेवे, मनीष अग्रवाल, नीतू अग्रवाल, श्यामा अग्रवाल, रेखा वैष्णव, धर्मपाल वर्मा, माधुरी वर्मा, चेतन दास साहू, कुमुद साहू, जी. विश्वनाथ, साईबानी साहू एवं प्रहलाद भास्कर सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button