सुशासन तिहार शिविर में 30 युवाओं को मिला लर्निंग लाइसेंस, 3 हितग्राहियों को राशन कार्ड
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार । विशेष संवादाता

दुर्ग। नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत सुशासन तिहार 2026 के तहत विवेकानंद सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान आयुक्त सुमित अग्रवाल और लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चन्द्राकर ने अधिकारियों के साथ नागरिकों से सीधा संवाद कर समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में कुल 619 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रधानमंत्री आवास, राजस्व, राशन कार्ड, बिजली, सड़क, नाली निर्माण, अतिक्रमण और अन्य शिकायतों से जुड़े मामले शामिल रहे। इनमें 475 मांग और 144 शिकायत संबंधी आवेदन दर्ज किए गए, जिन पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शिविर के दौरान प्रशासन की ओर से त्वरित राहत भी दी गई। आयुक्त सुमित अग्रवाल और लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चन्द्राकर ने 30 युवाओं को लर्निंग लाइसेंस तथा 3 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासनिक सुविधाएं सीधे वार्ड स्तर तक पहुंचाई जा रही हैं, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। महिलाओं को पोषक आहार किट, फल एवं आयरन-कैल्शियम की गोलियां वितरित कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चन्द्राकर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अब प्रशासन जनता के द्वार तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, मो. सलीम सिद्दीकी, सहायक अभियंता गिरीश दीवान सहित नरेंद्र बंजारे, सजान जोसफ, दीपक साहू, गुलाब वर्मा, मनीष कोठारी, सविता साहू, पार्षदगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


