भिलाई निगम की बड़ी कार्रवाई, अवैध कब्जाधारियों को किया बेदखल
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार बुधवार को जोन क्रमांक 03 मदर टेरेसा नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन अवैध कब्जे को निगम की टीम ने ध्वस्त कर बेदखली कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 33 संतोषी पारा कैम्प-2 क्षेत्र में तेल्हा नाला के चैनलाइजेशन का कार्य प्रगति पर है। गौरव पथ के पास नाला किनारे कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति भवन निर्माण कर कब्जा किया गया था, जिससे नाला निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था।
निगम प्रशासन द्वारा कब्जाधारियों को भवन स्वामित्व एवं निर्माण अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने तथा स्वयं अवैध कब्जा हटाने के लिए पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद कब्जाधारियों द्वारा कब्जा नहीं हटाए जाने पर निगम ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाया। क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए प्रशासन ने पुलिस एवं निगम अमले की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से बेदखली कार्रवाई संपन्न कराई। कार्रवाई के दौरान जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, सहायक अभियंता नितेश मेश्राम, उप अभियंता दीपक देवांगन, सहायक राजस्व अधिकारी बसंत देवांगन, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बीरेन्द्र बंजारे, स्वच्छता निरीक्षक चुड़ामणी यादव, बेदखली सहायक हरिओम गुप्ता सहित निगम का अमला उपस्थित रहा।
Subscribe to my channel


