ब्रेकिंग न्यूज़

अंतरराज्यीय अफीम तस्करी नेटवर्क पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, झारखंड के गुमला से दो तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़/दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय अफीम तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के गुमला जिले से जुड़े दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कुम्हारी थाना पुलिस ने मामले में लगभग 15 लाख रुपए मूल्य की अवैध अफीम, मोबाइल फोन और 8 हजार रुपए नगद जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुम्हारी थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ अफीम की खरीदी-बिक्री और तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान आरोपी राजकेश्वर साहू से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, जिसमें अंतरराज्यीय स्तर पर अफीम सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ। एंड टू एंड विवेचना, मोबाइल कॉल डिटेल और आपसी संपर्कों के आधार पर पुलिस को पता चला कि झारखंड से अवैध अफीम लाकर दुर्ग क्षेत्र में खपाई जा रही थी। मामले में संलिप्त पाए जाने पर सुरेंद्र साहू उर्फ सुंदर साहू और राजकेश्वर साहू को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुरेंद्र साहू उर्फ सुंदर साहू (32 वर्ष) निवासी ग्राम लांजी हुडराटोली थाना गुमला जिला गुमला झारखंड तथा राजकेश्वर साहू (32 वर्ष) निवासी ग्राम लांजी चौकी थाना गुमला जिला गुमला झारखंड शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 15 लाख रुपए की अफीम, मोबाइल फोन और नगद राशि जब्त की है। मामले में अपराध क्रमांक 89/2026 के तहत धारा 18(ख), 27(क) और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button