व्यापारी हितों की रक्षा और क्षेत्रीय व्यापार को नई दिशा देना चेम्बर की प्राथमिकता : अजय भसीन
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं महाकौशल चेम्बर के मध्य व्यापारिक सहयोग और भविष्य की योजनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों राज्यों के व्यापारियों के हितों की रक्षा तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा देने के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर सहमति बनी। बैठक में छत्तीसगढ़ चेम्बर के महामंत्री अजय भसीन एवं महाकौशल चेम्बर के अध्यक्ष रवि गुप्ता ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के व्यापारिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान दोनों राज्यों की सरकारों द्वारा संचालित योजनाओं को समान धरातल पर लाकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संयुक्त समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा गया। छत्तीसगढ़ चेम्बर के महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि व्यापारियों और उद्योगपतियों को एक मंच पर लाकर उनके हितों की रक्षा करना तथा क्षेत्रीय व्यापार को नई दिशा देना चेम्बर की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि महाकौशल चेम्बर के पदाधिकारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्व में भी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ मिलकर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देते रहे हैं और अब इस सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता है। बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी समय में महाकौशल चेम्बर के अध्यक्ष और महामंत्री छत्तीसगढ़ प्रवास पर आएंगे। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा उन्हें विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। दोनों चेम्बरों ने इस बात पर जोर दिया कि व्यापारिक हितों की सुरक्षा और क्षेत्रीय आर्थिक विकास के लिए मिलकर कार्य करना समय की आवश्यकता है। इस पहल से व्यापारियों के साथ-साथ क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई।
Subscribe to my channel


