ब्रेकिंग न्यूज़

अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन सख्त, भूमाफियाओं के खिलाफ चलेगा लगातार अभियान : विधायक रिकेश सेन सस्ती जमीन के लालच में न फंसें, प्लाट खरीदने से पहले करें वैधानिक जांच

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग और भूमाफियाओं की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में विधायक रिकेश सेन की मौजूदगी में कलेक्टर, निगम आयुक्त भिलाई और अन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कई अवैध प्लाटिंग स्थलों को पहले ही ध्वस्त किया जा चुका है। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलता रहेगा। समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि प्रशासनिक सख्ती के बावजूद भूमाफिया अब भी सक्रिय हैं। वे आम लोगों को कम कीमत और सस्ती दरों का लालच देकर बिना वैध अनुमति वाले प्लाट बेच रहे हैं, जिससे कई लोग अपनी गाढ़ी कमाई गंवा रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए विधायक रिकेश सेन ने नागरिकों से अपील की है कि केवल सस्ती दर देखकर जमीन या प्लाट न खरीदें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्लाट की खरीदी से पहले टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, नगर निगम और संबंधित विभागों से उसकी वैधानिक स्थिति एवं एप्रूवल की जांच अवश्य करें। विधायक सेन ने चेतावनी दी कि अवैध प्लाटिंग में खरीदी गई जमीन पर भविष्य में कई गंभीर समस्याएं सामने आती हैं। ऐसी जमीनों पर मकान का नक्शा पास नहीं होता, बिजली-पानी कनेक्शन मिलने में परेशानी होती है तथा सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित नहीं हो पातीं। इसके अलावा कानूनी विवाद, अवैध कब्जे और रजिस्ट्री संबंधी अड़चनें भी बनी रहती हैं। प्रशासन द्वारा कभी भी तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने लोगों से जागरूक रहने और जमीन खरीदने से पहले सभी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करने की अपील की, ताकि भविष्य में आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी से बचा जा सके। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि अवैध प्लाटिंग करने वालों और भूमाफियाओं के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button