सुशासन शिविर में महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मिले 4 लाख, विधायक ललित चंद्राकर ने बांटे चेक
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई/रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली द्वारा एचएससीएल कॉलोनी स्टेशन मरोदा में 14 वार्डों के लिए आयोजित सुशासन शिविर में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने महिलाओं को स्वरोजगार के लिए चार लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की। छत्तीसगढ़ महिला कोष अंतर्गत जागृति स्व सहायता समूह एवं विजयता धीवर को दो-दो लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।शिविर में संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर एवं दुर्ग रेंज के आईजी अभिषेक सांडिल विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि डबल इंजन सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार आपके द्वार पहुंच रही है। सुशासन शिविर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सीधे आम नागरिकों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है, जहां शिकायतों का समयसीमा में निराकरण किया जाता है। उन्होंने बताया कि विजयता धीवर सिलाई कार्य शुरू करेंगी, जबकि दस सदस्यीय जागृति स्व सहायता समूह आचार-पापड़ उद्योग स्थापित करेगा। कार्यक्रम में निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान निगम सभापति केशव बंछोर, नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, एमआईसी सदस्य रंजीता बेनुआ, सनीर साहू सहित पार्षद एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर में विधायक ललित चंद्राकर ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से लोगों को जागरूक करते हुए नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और हेलमेट पहनने की शपथ दिलाई। विधायक एवं संभाग आयुक्त ने 23 लोगों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस भी वितरित किए।शिविर में 70 वर्ष आयु वर्ग के 22 वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 49 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। इनमें 22 बीपीएल परिवारों और 5 सामान्य परिवारों के सदस्य शामिल रहे। शिविर के दौरान छूटे हुए लोगों के स्मार्ट कार्ड भी बनाए गए। सुशासन शिविर में कुल 744 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 715 मांग एवं 29 शिकायतें शामिल थीं। इनमें से 43 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
Subscribe to my channel


