पटरीपार क्षेत्र में सतनाम भवन निर्माण का शुभारंभ, मंत्री गजेन्द्र यादव ने की पूजा-अर्चना
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-22 में सतनाम भवन, जैतखाम जीर्णोद्धार एवं मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव समाजजनों के साथ शामिल हुए और विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। पटरीपार क्षेत्र में लगभग 19.88 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य को समाज की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया गया। मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि जैतखाम सतनामी समाज की पहचान और श्रद्धा का केंद्र है। इसके जीर्णोद्धार और सतनाम भवन निर्माण से समाजजनों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी समाजों के विकास और सम्मान के लिए लगातार कार्य कर रही है। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जैतखाम, सामुदायिक भवन एवं अन्य जनहित कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं, जिससे लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री यादव ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और राष्ट्रहित के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर समाज के बच्चों द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुत पंथी नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुति से कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया। मंत्री गजेन्द्र यादव ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, सभापति श्याम शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, बंटी चौहान, कमलेश फेकर, कांशीराम कोसरे, भाजयुमो अध्यक्ष हिमांशु सिंह, पार्षदगण, समाजजन, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel

