ब्रेकिंग न्यूज़

सेक्टर-9 अस्पताल की ‘सेव ए लाइफ’ पहल रंग ला रही, युवाओं में CPR सीखने का बढ़ा उत्साह

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार

भिलाई। सेक्टर-9 अस्पताल द्वारा संचालित ‘सेव ए लाइफ’ पहल लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) जैसी जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण देकर आपातकालीन परिस्थितियों में किसी की जान बचाने के लिए सक्षम बनाना है। इस पहल का सकारात्मक असर अब समाज में साफ दिखाई देने लगा है। विशेष रूप से युवाओं में सीपीआर सीखने को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। अस्पताल परिसर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, मरीजों के परिजनों और आम नागरिकों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को सीपीआर देने की सही प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया तथा बताया कि हृदयाघात या अचानक सांस रुकने जैसी स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे समय में सही तरीके से दिया गया सीपीआर मरीज की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि लगभग 78 वर्षीय एक बुजुर्ग ने भी पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण लिया। उन्होंने कहा कि जीवन के इस पड़ाव में भी यदि किसी जरूरतमंद की सहायता कर उसकी जान बचाने का अवसर मिले तो इससे बड़ा संतोष कुछ नहीं हो सकता। उनकी इस भावना ने उपस्थित लोगों को भी प्रेरित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष (बर्न) डॉ. उदय कुमार ने बताया कि सेक्टर-9 अस्पताल की ‘सेव ए लाइफ’ पहल के तहत प्रत्येक माह की 1 तारीख को आम जनता एवं मरीजों के परिजनों के लिए सीपीआर जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस जीवन रक्षक तकनीक का ज्ञान होना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर वे किसी की जिंदगी बचाने में मदद कर सकें। अस्पताल की यह पहल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों में सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना को भी मजबूत कर रही है। इससे समाज में जीवन बचाने की संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button