भिलाई: मानसून से पहले भिलाई निगम का नाला सफाई अभियान तेज, सभी 5 जोन में युद्धस्तर पर काम
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। आगामी मानसून को देखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक नाला सफाई अभियान शुरू कर दिया है। निगम के सभी पांच जोन क्षेत्रों में नालों की सफाई युद्धस्तर पर कराई जा रही है, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को जलभराव और उससे होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। निगम प्रशासन के अनुसार नालों में जमा जलकुंभी, गाद एवं कचरे को हटाने का कार्य लगातार जारी है। सफाई अभियान में निगम के अधिकारी, कर्मचारी और सफाई कर्मियों की संयुक्त टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है। बड़े एवं गहरे नालों की सफाई के लिए जेसीबी तथा चैन माउंटिंग मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे नालों के बीच तक पहुंचकर प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जा सके। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने सभी जोन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बरसात शुरू होने से पहले नाला सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है और किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। निगम प्रशासन का मानना है कि नालों की समय पर सफाई होने से वर्षा जल का प्रवाह बाधित नहीं होगा और शहर के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या काफी हद तक कम होगी। अभियान के तहत प्रमुख नालों के साथ-साथ आंतरिक कॉलोनियों के नालों की भी सफाई कराई जा रही है।निगम का लक्ष्य है कि मानसून से पूर्व सभी प्रमुख नालों की सफाई पूरी कर शहरवासियों को बेहतर एवं सुगम जल निकासी व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
Subscribe to my channel


