ब्रेकिंग न्यूज़

भिलाई: चंद्रा मौर्या अंडरब्रिज व सर्विस रोड निर्माण का आयुक्त ने किया निरीक्षण, अवैध कब्जे हटाने के दिए निर्देश

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने जोन-03 क्षेत्र का निरीक्षण कर चंद्रा मौर्या अंडरब्रिज, प्रस्तावित वेंडर जोन, सर्विस रोड एवं शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने तथा प्रस्तावित विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने चंद्रा मौर्या अंडरब्रिज में चल रहे सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण कार्य का अवलोकन किया और निर्माण एजेंसी को तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। अंडरब्रिज के समीप कॉम्प्लेक्स के पीछे विकसित किए जा रहे प्रस्तावित वेंडर जोन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य में तेजी लाने को कहा। आयुक्त ने कहा कि वेंडर जोन बनने से फुटपाथ एवं ठेला व्यवसायियों को व्यवस्थित और सुरक्षित व्यापारिक स्थान उपलब्ध होगा। इसके बाद उन्होंने चंद्रा मौर्या चौक से जोन-3 कार्यालय तक बन रही सर्विस रोड का निरीक्षण किया। अधिकारियों को गुणवत्ता युक्त सड़क निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान मजार से हुंडई शोरूम के पीछे शासकीय भूमि पर गैराज का कबाड़ एवं अन्य सामान रखे जाने की जानकारी मिलने पर आयुक्त ने संबंधित लोगों को स्वयं सामान हटाने के निर्देश दिए। साथ ही निगम भूमि पर झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे लोगों को भी स्थल खाली करने की चेतावनी दी गई। उन्होंने पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास के लिए आवेदन करने की सलाह दी।आयुक्त ने अधिकारियों को शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा न आने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता अनिल सिंह, उप अभियंता दीपक देवांगन, सहायक राजस्व अधिकारी बसंत देवांगन, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बीरेन्द्र बंजारे एवं रविन्द्र पाण्डेय उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button