ब्रेकिंग न्यूज़

जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा खमरिया भाठा, दिव्य श्रीराम कथा का शुभारंभ

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। खमरिया भाठा, भिलाई में भवानी शंकर जनकल्याण समिति द्वारा आयोजित दिव्य श्रीराम कथा का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में हुआ। कथा स्थल पर भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए उपस्थित रहे।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कथावाचक पूज्य गुरु श्री कांता प्रसाद जी के आगमन पर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, संस्कारों और जीवन मूल्यों का संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे समाज में धार्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं ओबीसी मोर्चा के वरिष्ठ नेता कन्हैया सोनी भी शामिल हुए। उन्होंने कथा आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कन्हैया सोनी ने भवानी शंकर जनकल्याण समिति, आयोजन समिति के पदाधिकारियों, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। दिव्य श्रीराम कथा के शुभारंभ के साथ ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा परिसर “जय श्रीराम” के उद्घोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। इस मौके पर आयोजनकर्ता दीपक भोण्डेकर संरक्षक कन्हैया सोनी संरक्षक लोकेशन पांडेय मंजू संरक्षक जांगड़े सहित सैंकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button