लखपति दीदी निर्माण के लिए जिला स्तरीय अभिसरण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित विभागीय योजनाओं के समन्वय से महिलाओं की आय बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) अंतर्गत लखपति दीदी निर्माण के उद्देश्य से जिला स्तरीय अभिसरण समिति की समीक्षा बैठक जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं के अभिसरण के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी आय में वृद्धि करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। महिलाओं को कृषि, डेयरी, बकरी पालन, मुर्गी पालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें लखपति दीदी बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। पशुपालन विभाग ने मुर्गी पालन, चूजा वितरण, बकरी पालन तथा उन्नत नस्ल के पशुओं के वितरण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं कृषि विभाग ने आत्मा (ATMA) योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण एवं आजीविका संवर्धन कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उद्यानिकी विभाग द्वारा राष्ट्रीय बागवानी मिशन (NHM) एवं अन्य योजनाओं के तहत उपलब्ध लाभों से अवगत कराया गया। बैठक में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं अवसरों पर भी चर्चा हुई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र महिलाओं की पहचान कर उन्हें विभागीय योजनाओं से जोड़ा जाए तथा समन्वित कार्ययोजना बनाकर अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के संयुक्त प्रयासों से महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए सफल ‘लखपति दीदी’ के रूप में विकसित किया जा सकता है बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बिहान मिशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


