रमाई’ को मुख्यमंत्री का आशीर्वाद, समाज को प्रेरित करेगी माता रमाबाई की कहानी माता रमाबाई आंबेडकर के जीवन पर आधारित फिल्म को मिला प्रोत्साहन- उदय धाबर्डे
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। छत्तीसगढ़ की बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म “रमाई” की प्रमुख अभिनेत्री प्रेरणा धाबर्डे, प्रमुख अभिनेता डॉ. उदय धाबर्डे तथा फिल्म की संपूर्ण टीम ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान फिल्म की विषय-वस्तु, निर्माण प्रक्रिया और सामाजिक महत्व पर विस्तार से चर्चा हुई। फिल्म की टीम ने मुख्यमंत्री को बताया कि “रमाई” भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की धर्मपत्नी माता रमाबाई आंबेडकर के जीवन, संघर्ष, त्याग और समर्पण पर आधारित हिंदी फिल्म है। फिल्म में उस महान नारी के योगदान को दर्शाया गया है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी डॉ. आंबेडकर के सामाजिक परिवर्तन के संकल्प को मजबूती प्रदान की। प्रमुख अभिनेत्री प्रेरणा धाबर्डे ने बताया कि यह फिल्म केवल एक ऐतिहासिक चरित्र की कहानी नहीं, बल्कि भारतीय नारी शक्ति, धैर्य और त्याग का प्रेरक दस्तावेज है। वहीं प्रमुख अभिनेता डॉ. उदय धाबर्डे ने कहा कि फिल्म के निर्माण में ऐतिहासिक तथ्यों, सामाजिक संदर्भों और गहन शोध का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि दर्शकों तक एक प्रामाणिक और प्रेरणादायी कथा पहुंच सके। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फिल्म की संकल्पना की सराहना करते हुए कहा कि सिनेमा समाज को दिशा देने का प्रभावी माध्यम है। महान व्यक्तित्वों और प्रेरक जीवन कथाओं पर आधारित फिल्में नई पीढ़ी को इतिहास, संस्कृति और आदर्शों से जोड़ने का कार्य करती हैं। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि “रमाई” समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने में सफल होगी। इस अवसर पर फिल्म से जुड़े कलाकारों, तकनीकी विशेषज्ञों और अन्य सदस्यों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर फिल्म की आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की। टीम ने मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि माता रमाबाई आंबेडकर के जीवन पर आधारित इस फिल्म को लेकर दर्शकों और सामाजिक संगठनों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म के माध्यम से नारी सम्मान, सामाजिक न्याय और मानवीय मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
Subscribe to my channel


