सतनाम भवन सेक्टर-6 में भव्य सामाजिक संगोष्ठी संपन्न समाज उत्थान के 27 बिंदुओं पर हुआ मंथन
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। गुरु घासीदास सेवा समिति, सेक्टर-6 भिलाई (पंजीयन क्रमांक 5716) द्वारा सतनाम भवन में एक दिवसीय भव्य सामाजिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सुबह 10:30 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस आयोजन में दुर्ग जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से आए सतनामी समाज के प्रमुखों, भंडारी, साटीदार, पंच-सरपंच तथा विभिन्न सामाजिक समितियों के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत सतनाम भजनों से हुई। इसके बाद अतिथियों ने परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर संगोष्ठी का शुभारंभ किया। सामूहिक गुरु आरती के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि राज महंत डोमन लाल कोसेवाड़ा (विधायक अहिवारा एवं उपाध्यक्ष, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण, छत्तीसगढ़ शासन) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष बी.एल. कुर्रे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में एल.एल. कोसले (रायपुर), चंद्रशेखर बंजारे (दुर्ग), युवराज ढीढी (राजनांदगांव), संजय बारले (बालोद) तथा रामस्वरूप चतुर्वेदी (मुरमुंदा परिक्षेत्र) उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का सफेद गमछा एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। अपने संबोधन में राज महंत डोमन लाल कोसेवाड़ा ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी के संदेशों को जीवन में अपनाकर ही समाज का वास्तविक विकास संभव है। उन्होंने शिक्षा, संस्कार, सामाजिक एकता और सादगीपूर्ण जीवनशैली पर जोर देते हुए जन्म से मृत्यु तक के आयोजनों में फिजूलखर्ची रोककर बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने की अपील की। संगोष्ठी में समाज के उत्थान हेतु 27 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा हुई। सामाजिक एकता, अखंडता, शिक्षा के स्तर में सुधार और रीति-रिवाजों को सरल बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव लिखित रूप में समिति को सौंपे। कार्यक्रम का संचालन महासचिव एन.आर. गिलहरे, स्वागत भाषण टेकराम बंजारे तथा आभार प्रदर्शन सम्भू लाल डहरिया ने किया। आयोजन को समाज हित में एक महत्वपूर्ण और सार्थक पहल माना गया।
Subscribe to my channel


