भिलाई में पहली बार आयोजित हुई दो दिवसीय MTB फ्रीस्टाइल साइक्लिंग चैंपियनशिप, बारिश के बीच खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे सांसद विजय बघेल
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। जयंती स्टेडियम, भिलाई में पहली बार VRM क्लब के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय माउंटेन बाइक (MTB) फ्रीस्टाइल साइक्लिंग चैंपियनशिप का रोमांचक समापन भारी बारिश के बीच हुआ। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों से आए 58 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन स्टंट और कौशल का प्रदर्शन किया। क्वालीफाइंग राउंड के बाद 10 खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह बनाई, जहां सभी प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।प्रतियोगिता में पहली बार भाग लेते हुए भिलाई के प्रेरक कांत वर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर श्रीनगर (कश्मीर) के मोहम्मद फरहान और तीसरे स्थान पर पटना (बिहार) के मोहम्मद दिलशाद रहे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल थे। उनके साथ सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, सुधीर बंसल, विष्णु पाठक, पप्पू चंद्राकर, पार्षद धर्मेंद्र भगत, अर्जुन अवार्ड विजेता राजेंद्र प्रसाद तथा बीएसपी के परमिंदर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्य मुकेश सिंह, अभिषेक सिंह एवं अमन ठाकुर ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि भिलाई में पहली बार इस स्तर की MTB फ्रीस्टाइल चैंपियनशिप का आयोजन होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने VRM क्लब एवं आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि तेज बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह, साहस और आत्मविश्वास देखने योग्य था। सभी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि 22 राज्यों से आए खिलाड़ियों का भिलाई की धरती पर स्वागत करना गर्व का विषय है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं। सांसद ने आयोजन समिति के सदस्य मुकेश सिंह एवं अभिषेक सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से भिलाई खेल गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है सांसद विजय बघेल ने अपने खेल जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वयं कबड्डी के खिलाड़ी और चैंपियन रहे हैं, इसलिए खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन और संघर्ष को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी जिस जज्बे के साथ खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया, वह सभी के लिए प्रेरणादायक है।
Subscribe to my channel


