जेएलएन चिकित्सालय में विशेषज्ञ क्लिनिकल मीटिंग संपन्न चिकित्सा क्षेत्र की नई तकनीकों पर हुआ मंथन
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के जेएलएन चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र में बुधवार को विशेषज्ञ क्लिनिकल मीटिंग, हेल्थ टॉक एवं वैज्ञानिक प्रस्तुति का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों और शोध आधारित उपचार पद्धतियों से चिकित्सकों को अवगत कराना तथा सतत चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में हैदराबाद के एआईजी हॉस्पिटल से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर व्याख्यान दिए। डॉ. मोहन रामचंदानी, डायरेक्टर ऑफ इंटरवेंशनल एंडोस्कोपी ने “जीआई एंडोस्कोपी में हालिया प्रगति” विषय पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. सुबोध राजू, एचओडी एवं डायरेक्टर, न्यूरोसर्जरी एवं स्पाइन सर्जरी ने “न्यूरोसर्जरी में नई तकनीक का अनुकूलन” विषय पर नवीन तकनीकों और उनके उपयोग पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान दोनों विशेषज्ञों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियों के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. मोहन रामचंदानी का सम्मान सीएमओ डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर तथा डॉ. सुबोध राजू का सम्मान सीएमओ डॉ. उदय कुमार ने किया। इस क्लिनिकल मीटिंग का आयोजन एवं अध्यक्षता अतिरिक्त सीएमओ एवं क्लिनिकल मीटिंग के चेयरमैन डॉ. अनिरुद्ध मेने ने की। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों एवं शोधकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और नई तकनीकों पर विचार-विमर्श किया
। जेएलएन चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग के लिए डॉ. उदय कुमार एवं डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर के नेतृत्व और योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि चिकित्सकों को चिकित्सा क्षेत्र की नवीनतम प्रगति से निरंतर अपडेट रखा जा सके।
Subscribe to my channel


