गनियारी के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल का नाम होगा पद्मविभूषण स्व. डॉ. तीजन बाई के नाम भिलाई-चरौदा महापौर परिषद ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

/भिलाई-3/चरौदा। नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा के वार्ड क्रमांक 40 गनियारी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नाम पद्मविभूषण स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई के नाम पर रखने का प्रस्ताव महापौर परिषद (एम.आई.सी.) की बैठक में सर्वसम्मति से पारित कर शासन को भेजा गया। गुरुवार, 9 जुलाई 2026 को निगम कार्यालय स्थित महापौर कक्ष में महापौर निर्मल कोसरे की अध्यक्षता में आयोजित एम.आई.सी. की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में सभी एम.आई.सी. सदस्यों ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे शासन को अनुमोदन के लिए भेजने की अनुशंसा की। बैठक के बाद महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महान लोक कलाकार एवं पद्मविभूषण स्व. डॉ. तीजन बाई ने प्रदेश का नाम देश-विदेश में गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि यह भिलाई-चरौदा नगर निगम के लिए गर्व की बात है कि गनियारी गांव में स्व. तीजन बाई ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय बिताया। ऐसे में विद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा जाना उनके योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। महापौर ने बताया कि निगम द्वारा गनियारी में लगभग 1.50 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका नाम भी डॉ. तीजन बाई के नाम पर रखा जाएगा। बैठक में एम.आई.सी. सदस्य मोहन साहू, मनोज कुमार, देवकुमारी भल्लावी, दीप्ती आशीष वर्मा, संतोषी निषाद, एम. जानी, एस. वेंकट रमना एवं ईश्वर साहू उपस्थित रहे। इसके अलावा निगम आयुक्त डी.एस. राजपूत, कार्यपालन अभियंता रवि सिन्हा, निगम सचिव लिंगेश्वर राव, स्थापना प्रभारी राजू वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
Subscribe to my channel


