ब्रेकिंग न्यूज़

कुम्हारी नगर पालिका में मनोनीत एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण, सांसद विजय बघेल ने दिलाई जनसेवा की जिम्मेदारी का एहसास

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग/कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी में शासन द्वारा मनोनीत एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद कुम्हारी की अध्यक्ष मीना वर्मा ने की। इस अवसर पर नगर पालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर, उपाध्यक्ष प्रमोद राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में शासन द्वारा मनोनीत पांच एल्डरमैन—गोल्डी गोस्वामी, प्रणव श्रीवास्तव, सुनीता कुर्रे, अवधेश शुक्ला एवं मनहरण साहू—को विधिवत शपथ दिलाई गई। नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा ने कहा कि मनोनीत एल्डरमैन नगर परिषद के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी एल्डरमैन जनहित और विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए कुम्हारी के समग्र विकास में अपना योगदान देंगे। मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने नवमनोनीत एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पद सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि शपथ लेना आसान है, लेकिन उसके अनुरूप कार्य करना सबसे बड़ी परीक्षा होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम और संगठन के प्रति निष्ठा रखने वालों को ही अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि शासन ने आप सभी की मेहनत और समर्पण को देखते हुए यह दायित्व सौंपा है, इसलिए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सभी की जिम्मेदारी है। सांसद विजय बघेल ने कहा कि उन्होंने भी भिलाई-3 और चरोदा क्षेत्र से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी और आज दुर्ग लोकसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने सभी नवमनोनीत एल्डरमैनों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राकेश पाण्डेय, योगेश साहू, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि राजू निषाद, मिथिलेश यादव, सुजीत यादव, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर, फिंगू साहू, रामकुमार सोनी, रामाधार शर्मा, जुली सिंह, गीता निर्मलकार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button