भिलाई की बसाहट के नाम पर राजनीतिक नौटंकी बंद करें देवेंद्र यादव : भोजराज सिन्हा
सत्ता में रहते 5 साल क्या किया? अब BSP घेराव कर जनता को गुमराह करने का प्रयास क्यों?

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। भिलाई। भिलाई टाउन के लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों के अधिकारों और भविष्य को लेकर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन को लेकर नगर पालिक निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने कड़ा हमला बोला है। उन्होंने देवेंद्र यादव के प्रदर्शन को राजनीतिक दिखावा बताते हुए कांग्रेस से उसके शासनकाल का हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की।भोजराज सिन्हा ने कहा कि दुर्ग सांसद विजय बघेल एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय पहले ही भिलाई टाउन के लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों के हितों को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। ऐसे में विधायक देवेंद्र यादव द्वारा अचानक BSP प्रबंधन का घेराव कर “भिलाई की बसाहट को खत्म नहीं होने देंगे” जैसे बयान देना केवल राजनीतिक भ्रम पैदा करने का प्रयास है। उन्होंने कांग्रेस विधायक से पांच सवाल पूछते हुए कहा कि लगातार दो बार भिलाई नगर के विधायक रहते हुए देवेंद्र यादव ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों के लिए कौन-सा ठोस निर्णय कराया? प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दौरान BSP प्रबंधन के साथ कितनी बैठकें हुईं और उनका क्या परिणाम निकला? कांग्रेस के 15 वर्षों के नगर निगम शासन में इस मुद्दे को लेकर कितनी बार प्रस्ताव लाया गया? निगम की सामान्य सभा में क्या ठोस निर्णय हुआ और तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार के समय विधानसभा में यह मुद्दा उठाकर केंद्र सरकार को कोई ठोस प्रस्ताव क्यों नहीं भेजा गया। सिन्हा ने कहा कि जब कांग्रेस के पास सत्ता, सरकार और विधानसभा में बहुमत था, तब भिलाई टाउन की बसाहट के लिए क्या किया गया, इसका जवाब कांग्रेस को जनता के सामने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि “मेरी लाश निकल जाएगी…” जैसे भावनात्मक बयान समस्या का समाधान नहीं हैं। भिलाई की जनता को भावनात्मक राजनीति नहीं, बल्कि संवाद, प्रस्ताव, कानूनी प्रक्रिया और स्थायी समाधान चाहिए। भोजराज सिन्हा ने कहा कि भाजपा भिलाई टाउन के हजारों लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों के हितों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक और संवैधानिक मंच पर आवाज उठाएगी। BSP प्रबंधन, केंद्र सरकार और सभी संबंधित पक्षों के बीच सार्थक संवाद के माध्यम से स्थायी समाधान की दिशा में पहल होनी चाहिए।
Subscribe to my channel


