सिविक सेंटर में गंदगी का अंबार, भाजपा कार्यकर्ताओं ने चलाया सफाई अभियान
डेंगू-मलेरिया के खतरे को लेकर नगर सेवा विभाग व निगम से कार्रवाई की मांग

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। भिलाई। वार्ड क्रमांक 64 स्थित सिविक सेंटर में अपना सुपर बाजार, कला मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों का अवलोकन कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान चलाया। इस दौरान कला मंदिर के समीप बार एवं शराब दुकान के आसपास फैली गंदगी और जलभराव की स्थिति पर चिंता जताई गई। अभियान के दौरान देखा गया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में डिस्पोजल, दोने-पत्तल, गिलास एवं अन्य कचरा बिखरा हुआ है। बारिश के कारण इन गिलासों और अन्य कचरे में पानी जमा हो गया है, जिससे मच्छरों के पनपने की आशंका बढ़ गई है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो डेंगू, मलेरिया सहित मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। भाजपा नेताओं ने कहा कि सिविक सेंटर के आसपास सेक्टर-10, सेक्टर-6, सेक्टर-7, सेक्टर-8, सेक्टर-4, सेक्टर-5 और सेक्टर-2 जैसे क्षेत्र भी इससे प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि सेक्टर-7 में पहले से ही बीमारी का प्रकोप बना हुआ है, ऐसे में आसपास के क्षेत्रों में भी संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए तत्काल प्रभाव से सफाई एवं जल निकासी की व्यवस्था जरूरी है। इस अवसर पर नगर सेवा विभाग भिलाई एवं नगर निगम भिलाई से क्षेत्र की नियमित सफाई, कचरा उठाव, जलभराव समाप्त करने तथा मच्छर नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया। सफाई अभियान में विशालदीप नायर, युवा मोर्चा, पूर्व पार्षद उपासना साहू, चिकित्सा प्रकोष्ठ से डॉ. प्रदीप चौधरी, नवनीत हरदेल, महिला मोर्चा से सोनाली सिंघने, किसान मोर्चा से अविनाश दिल्लीवार, व्यापारी प्रकोष्ठ से साकेत जैन सहित पिंकी सिन्हा, भानु शंकर बलचंदन, कार्तिक चंद्राकर, भानुसिंह साहू, उमेद साहू एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


