करोड़ों के स्वच्छता टेंडर के बावजूद भिलाई में सफाई व्यवस्था बदहाल : डॉ. प्रदीप चौधरी
नगर निगम आयुक्त को पत्र सौंपकर उच्चस्तरीय जांच और दोषी ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। भिलाई। करोड़ों रुपये के स्वच्छता टेंडर के बावजूद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं होने का आरोप लगाते हुए भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह-संयोजक डॉ. प्रदीप कुमार चौधरी ने नगर निगम आयुक्त को पत्र सौंपा। उन्होंने स्वच्छता कार्यों की तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराने और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। डॉ. चौधरी ने कहा कि भिलाई एक महत्वपूर्ण औद्योगिक नगरी होने के साथ लाखों नागरिकों का शहर है। ऐसे में स्वच्छता केवल शहर की सुंदरता का विषय नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य और जनसुरक्षा से सीधे जुड़ा हुआ है। शहर के कई क्षेत्रों में कचरा उठाव, नालियों की सफाई, जलभराव और मच्छर नियंत्रण जैसी समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में गंदगी और जलभराव के कारण डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। डॉ. चौधरी ने कहा कि जनता के पैसों से करोड़ों रुपये स्वच्छता कार्यों पर खर्च किए जा रहे हैं, इसलिए उसका परिणाम धरातल पर दिखाई देना चाहिए। केवल टेंडर जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता की जांच और ठेकेदारों की जवाबदेही तय करना भी आवश्यक है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से नालियों की सफाई, कचरा उठाव, जलनिकासी और मच्छर नियंत्रण व्यवस्था की जमीनी जांच कराने तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदारों पर नियमानुसार आर्थिक दंड एवं कठोर कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर डॉ. अनुज खरे, डॉ. सतींदर सिंह चबरा, डॉ. रोशन साहू एवं श्री आर. रूपेश भी उपस्थिlत थे।
Subscribe to my channel


