गुरु घासीदास सेवा समिति में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस,
दादा नकुल देव ढीढ़ी की 54वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। भिलाई। गुरु घासीदास सेवा समिति, सेक्टर-6 भिलाई-दुर्ग (5716) के तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया।
सतनाम भवन परिसर में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि समिति अध्यक्ष बी. एल. कुर्रे रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामजी गायकवाड़ ने की, जबकि उपाध्यक्ष उर्मिला भास्कर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। डॉ. केशव प्रसाद देशलहरा की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। मुख्य अतिथि बी. एल. कुर्रे ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश के वीर शहीदों को नमन किया। इसी क्रम में 16 अगस्त को सतनाम भवन परिसर में समाज के महान मार्गदर्शक एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय दादा नकुल देव ढीढ़ी की 54वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। श्रद्धांजलि सभा के मुख्य अतिथि समाजसेवी भागवत बंजारे रहे।
अध्यक्षता बी. एल. कुर्रे ने की तथा टी. दास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दादा नकुल देव ढीढ़ी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए।भागवत बंजारे ने कहा कि दादा नकुल देव ढीढ़ी का जीवन त्याग, तपस्या और सामाजिक चेतना का प्रतीक था। उन्होंने समाज को शिक्षित, संगठित एवं व्यसनमुक्त बनाने तथा बाबा गुरु घासीदास जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।कार्यक्रम का संचालन समिति के महासचिव एन. आर. गिल्हरे ने किया। सचिव राजेन्द्र महिलांग ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में समिति के पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्य, महिला विंग की कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


