कासगंज:अमांपुर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की सफलता के लिए बैठक
एक जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा अभियान

कासगंज/अमांपुर। कस्बा के एम एन कार्यालय पर चेयरमैन प्रतिनिधि अरबाज खान एवं प्रभारी चिकित्सक डाॅ संदीप राजपूत ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मी और नगर पंचायत कर्मियों के साथ बैठक की। इस दौरान संचारी रोग नियंत्रण अभियान की सफलता के लिए सहयोग की अपील की गई। प्रभारी चिकित्सक डाॅ संदीप राजपूत ने सभासदों से कहा कि सभी की जिम्मेदारी है कि अभियान को सफल बनाए। उन्होंने कहा कि अपने वार्डों में पानी एकत्रित न होने दें। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखे। जिससे कि संक्रामक रोगों से बचा जा सके। 1 जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। 17 जुलाई से दस्तक अभियान के तहत आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक साल बारिश के महीनों में संचारी रोगों का प्रकोप होता है, उससे बचाव के लिए सभी को जागरूक होने की आवश्यकता है। संचारी रोगों से बचाव के लिए दिन में सभी फुल आस्तीन के कपड़े पहनें और अपने घरों के आसपास जलभराव न होने दें। घरों की छतों के ऊपर टूटे-फूटे बर्तन, टायर, कबाड़ा आदि चेक करते रहें, कहीं पानी जमा न होने पाएं। कूलर और फ्रिज का पानी भी बदलते रहे। बड़े बुजुर्गों व बच्चों को मच्छरदानी के अंदर लिटाएं और बुखार आने पर किसी झोलाछाप को न दिखाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज लें और जांच कराएं। फिजिशियन डाॅ गौरव तोमर ने कहा कि लोग पानी उबाल कर पिएं, कटी हुई सब्जी व फल का सेवन न करें। प्रतिदिन साबुन से हाथों को धुले। नाखून नियमित तौर पर काटें तथा रोगग्रस्त व्यक्ति के सम्पर्क में आने से बचें। इस अवसर पर डाॅ गौरव तोमर, अरबाज खान, गोपाल कृष्ण शर्मा, मुकेश बाबू, सफाई निरीक्षक चरन सिंह, दिलीप गुप्ता, फार्मासिस्ट ग्रीश चन्द्र, संजीव कुमार, सफाई नायक दिनेश कुमार, आशीष मिश्रा, सभासद साबिर अली, सभासद बबलू यादव, सभासद यामीन कुरेशी, सभासद पूरन सिंह, रियाज खान, मुकेश सोलंकी, सुनील सोलंकी, आदि रहे।
Subscribe to my channel


