पेट्रोल-डीजल संकट पर प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन, चेम्बर महामंत्री अजय भसीन बोले — ऊर्जा बचत राष्ट्रहित में जरूरी
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई अपील का समर्थन करते हुए छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि ऊर्जा संसाधनों की बचत आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण से जुड़ा जनभागीदारी का अभियान है।अजय भसीन ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक यात्राओं से बचें, स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें तथा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सामूहिक यात्रा और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि अधिकतम बैठकों को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित करना भी ऊर्जा बचत की दिशा में प्रभावी कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक छोटे-छोटे संकल्प लें, जैसे — ऊर्जा की बचत, एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद में संयम, खेती में प्राकृतिक खाद का उपयोग तथा खाद्य तेल का सीमित इस्तेमाल, तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। श्री भसीन ने कहा कि छत्तीसगढ़ के व्यापारी हमेशा राष्ट्रहित में अग्रणी भूमिका निभाते आए हैं और आगे भी निभाते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है तथा प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री के इस आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी। इस दौरान भिलाई दल से सुनील मिश्रा, देवेंद्र सिंह बरहा, मनोहर कृष्णानी, चिन्ना राव, शंकर सचदेव, राजेश शर्मा, विनय सिंह, दर्शन खटवानी, उत्तम जैन, रितेश अग्रवाल एवं पवन जिंदल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


