सुशासन तिहार के समाधान शिविर में विधायक रिकेश सेन ने सुनी जनता की समस्याएं
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। वैशाली नगर लोकांगन में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर में विधायक रिकेश सेन ने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया गया। विधायक रिकेश सेन ने शिविर में प्राप्त आवेदनों, शिकायतों एवं सुझावों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी मामलों के समाधान के लिए समय-सीमा तय करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव पांडे, वैशाली नगर वार्ड पार्षद श्रीमती स्मिता दोड़के सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


