भारतीय भाषा समर कैंप 2026 का हुआ भव्य समापन, बच्चों को मिले प्रमाण पत्र
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

कासगंज। विद्यालयी शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार तथा एनसीईआरटी के निर्देशन में संचालित “भारतीय भाषा समर कैंप 2026” का समापन जनपद कासगंज के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं ने पूरे सप्ताह सीखी गई गतिविधियों का आकर्षक प्रदर्शन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।समापन समारोह में बच्चों ने
बहुभाषीय संवाद, कविता पाठ, गीत, नृत्य, चित्रकला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं भाषा आधारित खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न भारतीय भाषाओं में अभिवादन एवं संवाद प्रस्तुत कर अपनी भाषाई क्षमता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय हुसैनपुर विकास खंड सोरों, कंपोजिट विद्यालय छावनी, उच्च विद्यालय बिरसुआ, पीएम श्री उतरना, कंपोजिट विद्यालय मानपुर तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय पिथनपुर भुजपुरा गंजडुंडवारा में आयोजित समर कैंप का समापन समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं अभिभावकों ने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा और सीखने की क्षमता की सराहना की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कासगंज सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय भाषा समर कैंप का उद्देश्य बच्चों में बहुभाषावाद, सांस्कृतिक समझ एवं संवाद कौशल का विकास करना है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध भाषाई और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। समापन समारोह में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया।
Subscribe to my channel


