लखनऊ:युवाओं के कौशल, नवाचार और रोजगार को नई दिशा देगी नई यूथ पॉलिसी : योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जल्द ही नई यूथ पॉलिसी लेकर आएगी। इसका उद्देश्य युवाओं के कौशल, नवाचार और रोजगार को एकीकृत दृष्टिकोण के साथ मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा ही उत्तर प्रदेश की असली शक्ति है। 



सरकार का संकल्प है कि हर युवा के हाथ में स्किल, इनोवेशन और रोजगार हो। उन्होंने कहा कि Gen-Z और Gen-Alpha की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, रोबोटिक्स, साइबर और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में तेजी से काम किया जा रहा है। इससे निवेश और रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।योगी ने कहा कि सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दे रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज एवं गारंटी-मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई यूथ पॉलिसी के माध्यम से युवाओं की क्षमताओं और संभावनाओं को पूरा करने के लिए कौशल विकास, नवाचार, रोजगार और उद्यमिता को नई गति दी जाएगी। उन्होंने युवाओं को उत्तर प्रदेश के विकास का प्रमुख आधार बताते हुए कहा कि युवा शक्ति को सही दिशा और अवसर मिलने से प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।
Subscribe to my channel


