सोमनी में सुशासन तिहार का अंतिम शिविर संपन्न विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा और महापौर निर्मल कोसरे रहे उपस्थित, 200 से अधिक आवेदन प्राप्त
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई-चरौदा। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देश तथा जिला प्रशासन दुर्ग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार भिलाई-चरौदा नगर निगम क्षेत्र में सुशासन तिहार के अंतर्गत अंतिम शिविर शुक्रवार को सोमनी स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी मांगों और समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। निगम जनसंपर्क विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार समाचार लिखे जाने तक 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। निगम क्षेत्र में सुशासन तिहार के तहत कुल चार शिविर लगाए गए। पहला शिविर 5 मई को उमदा वार्ड क्रमांक-06 के सामुदायिक भवन में, दूसरा शिविर 11 मई को मंगल भवन भिलाई-3 में तथा तीसरा शिविर चरौदा के सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया था। अंतिम शिविर सोमनी में संपन्न हुआ। अहिवारा विधायक राजमंहत डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण किया और आमजनों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने निगम आयुक्त सहित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान करना है, इसलिए सभी आवेदनों पर गंभीरता से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भीषण गर्मी में सेवा दे रहे अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना भी की। शिविर में पद्मश्री सम्मानित लोक गायिका श्रीमती उषा बारले ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान निगम आयुक्त डी.एस. राजपूत, कार्यपालन अभियंता रवि सिन्हा, नेता प्रतिपक्ष रामखिलावन वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता राधेश्याम वर्मा, पार्षद तुषांत वर्मा सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


