ब्रेकिंग न्यूज़

पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

न्यौली। सोरों कोतवाली क्षेत्र के मानपुर नगरिया के पास गांव ऊढैर पुख्ता और नगला पटिया के बीच स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार दोपहर के समय फैक्ट्री परिसर में अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग के कारण आसपास के क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हादसे के दौरान फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों में भगदड़ मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी तथा संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।अधिकारियों की निगरानी में आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के संबंध में प्रधान प्रतिनिधि शंकर पाल ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लग गई थी, जिसमें पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिसके चलते यह गंभीर हादसा हुआ। वहीं क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि फैक्ट्री में नाबालिग बच्चों से काम कराया जाता था, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button