ब्रेकिंग न्यूज़

जेएलएन अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र में विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जनसंख्या स्थिरीकरण और प्रजनन स्वास्थ्य पर दिया गया जोर

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जेएलएन अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (JLNH&RC), भिलाई के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग द्वारा ओपीडी परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम “युवा लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना – आज और भविष्य के लिए” रही। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण, प्रजनन स्वास्थ्य एवं जिम्मेदार अभिभावकत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा सेवाओं के प्रमुख डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार तथा प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नीना गुहा सहित वरिष्ठ एवं कनिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, स्नातकोत्तर विद्यार्थी एवं अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन के बाद पीजीकॉन, एपीकॉन, एसएसकॉन के विद्यार्थियों एवं नर्सिंग स्टाफ द्वारा तैयार 31 पोस्टर और 11 स्लोगनों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। डॉ. नीना गुहा ने स्वागत भाषण में परिवार नियोजन और प्रजनन स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. उदय कुमार ने आयोजन समिति और प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। वहीं डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर ने कहा कि स्वस्थ परिवार और सतत विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तथा जागरूक प्रजनन विकल्पों को अपनाना आवश्यक है। कार्यक्रम में पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन दंत चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. अन्नापूर्णी, पैथोलॉजी विभाग की डॉ. नीली कुजूर तथा श्वसन रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सोनाली त्रिवेदी ने किया। अंत में डॉ. हिमानी गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। लगभग 70 प्रतिभागियों की उपस्थिति में आयोजित यह कार्यक्रम जनसंख्या स्वास्थ्य एवं प्रजनन जागरूकता के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का परिचायक बना।

Related Articles

Back to top button