भिलाई: सस्ता मार्केट फुटकर विक्रेता संघ ने व्यवस्थापन की मांग को लेकर भिलाई निगम के सामने किया प्रदर्शन
भिलाई निगम आयुक्त ने फिलहाल कोई बड़ी कार्यवाही ना करने का दिया आश्वासन

भिलाई। पावर हाउस कैंप दो स्थित फल सब्जियां और अन्य प्रकार के फुटकर सामग्रियों के विक्रेताओं ने भिलाई नगर निगम के समक्ष सस्ता मार्केट फुटकर विक्रेता संघ के बैनर तले अपने स्थाई व्यवस्थापन की मांग को लेकर अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता सतीश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में जबरदस्त प्रदर्शन किया।
सुबह 11 बजे से निगम गेट के समक्ष सैकड़ों की संख्या में इकट्ठे होकर जमकर नारेबाजी शुरू हो गई जिससे निगम कार्यालय में आवाजाही रुक गई। लगभग एक से डेढ़ घंटे के प्रदर्शन के पश्चात निगम आयुक्त ने चर्चा के लिए प्रतिनिधि मंडल को अंदर बुलवाया। भिलाई नगर निगम आयुक्त के नाम से फुटकर विक्रेता संघ के सदस्यों ने एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि अभी हाल ही में सभी फुटकर विक्रेताओं को नोटिस दी गई है जिसमें तीन दिनों के भीतर अपना कारोबार समेटकर हटाने के लिए कहा गया है अन्यथा निगम द्वारा तोड़फोड़ की कार्यवाही करने की बात भी हुई है। सस्ता मार्केट क्षेत्र में सभी फुटकर विक्रेता पैंतीस चालीस वर्षों से ज्यादा समय से अपना व्यापार कर रहे हैं। लेकिन अचानक बरसात के मौसम में नगर निगम की इस प्रकार की कार्यवाही का विरोध किया गया।
फुटकर विक्रेताओं का कहना है कि जब भिलाई नगर निगम नहीं बना था, उससे भी दशकों पहले से वह फल और सब्जी का कारोबार करते चले आ रहे हैं। अब अचानक की जा रही कार्यवाही से माहौल भी बिगड़ने की आशंका जताई गई। प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करते हुए नगर निगम आयुक्त ने बताया कि उच्च न्यायालय के एक आदेश के कारण ऐसी परिस्थिति बन गई कि मजबूरन नोटिस देना पड़ा। नगर निगम किसी के कारोबार को हटाना नहीं चाहता। इसलिए बेहतर होगा कि सभी न्यायालय की शरण ले। आयुक्त ने कहा कि फिलहाल कोई तोड़फोड़ की कार्यवाही नहीं होगी। प्रतिनिधि मंडल के प्रमुख सतीश कुमार त्रिपाठी ने आयुक्त को उच्च न्यायालय के आदेश के संबंध में बताया कि आदेश में सभी के ज्ञापन लेकर उनके व्यवस्थापन हेतु कहा गया है ना कि किसी दुकानदार को तोड़फोड़ कर हटाने की बात कही गई है। बरसात के मौसम में वैसे भी इस प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की जानी चाहिए। अगर उच्च न्यायालय ने किसी व्यक्ति को व्यवस्थापन का आदेश दिया है तो इसका मतलब यह नहीं है कि शेष लोगों को उजाड़ दिया जाए। ज्ञापन की एक प्रति महापौर के नाम से भी दी गई है। संघ के सदस्यों ने बताया है कि बुधवार को संघ के सभी सदस्य मुख्यमंत्री निवास पर जाकर इसी संदर्भ में ज्ञापन सौंपेंगे। जल्द ही विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। इस चुनावी माहौल में इस प्रकार तोड़फोड़ की कार्यवाही या आंदोलन की स्थिति माहौल खराब करती है।अतः किसी भी बेदखली की कार्यवाही को तत्काल रोक जाने का आग्रह करते हुए अपने व्यवस्थापन की मांग भी करेंगे।नगर निगम के समक्ष प्रदर्शन के दौरान बंसीलाल देवांगन, दिनेश सोनकर, कृष्णा प्रजापति, सुभाष गुप्ता, मनोज सोनकर, सय्यद शरीफ, मुकेश जायसवाल, रंजीत सोनकर, सुखराज, हीरालाल, संजय शर्मा, रमाशंकर, रजनीश सेन, इबरार, बिंदेश्वरी, सीताराम, विपिन कुमार, मोहम्मद रफीक, प्रेम साहनी, लल्लू सेन, दीपक, अजय, थनेंद्र साहू, संतोष विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में सस्ता मार्केट फुटकर विक्रेता संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


