ब्रेकिंग न्यूज़

कासगंज:मंगलवार की रात से हो रही लगातार बरसात ने बढ़ाई परेशानी

मुख्य सड़कों पर जगह-जगह जलभराव से जनजीवन प्रभावित, आफत बनी बारिश

कासगंज/अमांपुर। बारिश की वजह से हर कोई परेशान दिखाई दिया।कस्बाई और ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार की रात से शुरू हुआ झमाझम बारिश का दौर दूसरे दिन बुधवार को भी लगातार दोपहर तक जारी रहा। जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़के सुनसान हो गई और लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए। इससे मौसम तो सुहाना हो गया। लेकिन लोग घरों से बाहर नहीं निकल सके। छात्र-छात्राओं के कदम भी स्कूल जाने के लिए ठहर गए। जो बच्चे छाता लगाकर घर से निकले भी तो स्कूल पहुंचते-पहुंचते भीग गए। इससे स्कूलों में भी उपस्थिति कम रही। बारिश के कारण सरकारी दफ्तरों में भी सन्नाटा पसरा रहा। वही बारिश के कारण दोपहर तक बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लगातार हो रही बारिश से उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को खासी राहत मिली। सर्द हवाएं चलने से मौसम सुहाना हो गया। बच्चे बारिश में नहाते नजर आए तो युवा भीगते हुए बाइकों पर फर्राटे भरते नजर आए। बुधवार को भी झमाझम बरसात से कस्बाई और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह सड़कों और गली-मोहल्लों में पानी भर गया। मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार दोपहर तक जारी रही। बारिश का पानी मकानों, दुकानों और गोदाम के अंदर तक भर गया, जिससे लाखों का नुकसान हुआ। बाजार भी आधे से कम ही खुला। सर्विस रोड पर भी राहगीरों की मुसीबत बढ़ गई। सड़को पर भी जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। वही विद्यालयों के मैदानों में भी पानी भर गया। लोगों ने खुद नाली साफ कर जलनिकासी कराई।

Related Articles

Back to top button